(आसिफ निज़ाम)
लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला सिकटिहा निवासी एक व्यक्ति ने फर्जी बैनामा कर मकान कब्जाने की साजिश रचने और जानमाल की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली सदर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने हेतु प्रार्थना पत्र दिया है।
पीड़ित आलोक शुक्ला पुत्र स्व. सधारी लाल शुक्ला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी कैंसर से पीड़ित हैं, जिनका इलाज गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। ऐसे में परिवार पहले से ही आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।
आरोप है कि वर्ष 2008 में 9 लाख रुपये में विधिवत बैनामा कर खरीदे गए मकान को उक्त भू-माफिया द्वारा अपनी जमीनदारी बताते हुए 15 जनवरी 2025 को कथित रूप से फर्जी तरीके से 1450 वर्गफुट भूमि का बैनामा रीता आर्या को कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि बिना किसी अधिकार के यह सौदा छल-कपट से किया गया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पुनः बैनामा कराने का दबाव बनाया जा रहा है, और लिखित नोटिस भी दिया है कि 15 दिन में बैनामा करा लो वर्ना ये मकान हम किसी और को बेच देंगे।
आलोक शुक्ला ने आशंका जताई है कि यह पूरी कार्रवाई साजिश के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य उनके घर पर अवैध कब्जा करना, मानसिक रूप से प्रताड़ित करना और धन उगाही करना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।





